
मुंबई (अधिकार वार्ता प्रतिनिधी)- देशभर में विद्यार्थियों और युवाओं से जुड़े ‘नीट-लीक’ मामले को लेकर चल रहे आंदोलन की गूंज अब मुंबई में भी सुनाई दे रही है। इसी आंदोलन के दौरान सामने आई एक तस्वीर ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। पुलिस वाहन के सामने पूरी हिम्मत के साथ खड़ी यह युवती अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर आवाज बुलंद करती नजर आ रही है।
यह तस्वीर सिर्फ एक युवती के विरोध की तस्वीर नहीं, बल्कि लोकतंत्र में अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के साहस की तस्वीर है। हाथ में कोई हथियार नहीं, चेहरे पर डर नहीं—बल्कि दिल में भारत के संविधान और न्याय व्यवस्था पर विश्वास लेकर यह बेटी अपने हक की आवाज उठा रही है।
नीट परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में विद्यार्थियों और युवाओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और मेहनत करने वाले लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ न्याय किया जाए।
मुंबई में आंदोलन के दौरान सामने आई यह तस्वीर एक बड़ा सवाल भी खड़ा करती है—क्या अपने भविष्य और अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले विद्यार्थियों की बात सुनी जाएगी?